राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के खेल मैदान में शुरू हुई भाईचारा क्रिकेट प्रतियोगिता
नरेंद्र अत्री ने किया शुभारंभ, युवाओं से चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
धर्मपुर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के खेल मैदान में भाईचारा क्रिकेट खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा नेता एवं ओलंपिक संघ हिमाचल प्रदेश के वाईस प्रेजिडेंट नरेंद्र अत्री ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उद्घाटन अवसर पर नरेंद्र अत्री ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते खतरे को देखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक लक्ष्य अपने देश और प्रदेश को नशामुक्त बनाना होना चाहिए। इसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के अन्य युवाओं को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
प्रतियोगिता के संयोजक एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि इस क्रिकेट प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के साथ जोड़ना और क्षेत्र में आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी टीमों के खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
आयोजकों राकेश ठाकुर, शम्मी, सन्नी, पंकज ठाकुर, विक्की साईं व प्रवीण कुमार ने प्रतियोगिता के नियमों को स्पष्ट करते हुए कहा कि मैच के दौरान अंपायर का निर्णय अंतिम निर्णय होगा और सभी खिलाड़ियों को इसका सम्मान करना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में अनुशासन बनाए रखना प्रत्येक खिलाड़ी की जिम्मेदारी है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के प्रयासों को जरूरी बताया। पहला मैच भरतपुर व सधोट के बीच हुआ जिसमें सधोट ने पहले खेलते हुए 70 रन बनाए 70 रनों का सामना करते हुए केवल 68 रन ही बनाए सधोट के खिलाड़ी विक्रम को चुना गया जिन्होंने अपनी टीम के लिए 29 रन बनाए और 2 विकेट लिए।
#devbhoomilivehp #everyonehighlightsfollowers #nonfollowersviewersfollowers #highlight2026 #reelschallenge
Dharmpur, Mandi | Nov 20, 2026