प्रतापनगर/यमुनानगर, 30 सितंबर- सेवा सेतु अभियान के तहत खंड प्रताप नगर की ग्राम पंचायत चुहड़पुर कलां के सामुदायिक केंद्र में बुधवार को एक विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छछरौली के एसडीएम जसपाल सिंह गिल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि वीरेंद्र चौधरी ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। समाधान शिविर में प्रताप नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कुल 265 लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों/कर्मचारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा लोगों की समस्याओं को सुना गया और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, समाज कल्याण विभाग से संबंधित सेवाओं तथा लाडो लक्ष्मी योजना आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाना तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है।
इस अवसर पर बीडीपीओ कार्तिक चौहान, नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह, पंचायत ऑफिसर विकास कुमार, वाइस चेयरमैन संजीव कुमार, सरपंच गीता राम, नंबरदार बलिंदर, हरीश मित्तल, अशोक कुमार, रोहतास सिंह, ग्राम सचिव, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।