गुरु नानक खालसा कॉलेज में ‘तलाश 2026’ टैलेंट शो का शानदार आयोजन
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: गुरु नानक खालसा कॉलेज, यमुनानगर की कल्चरल कमिटी द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के युवा एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत बहुप्रतीक्षित टैलेंट शो ‘तलाश 2026’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, अभिनय, मिमिक्री और वाद्य यंत्र वादन सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज एंथम और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कल्चरल कमिटी के कोऑर्डिनेटर डॉ. तिलक राज ने मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. भल्ला ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ‘तलाश’ जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सोलो डांस, ग्रुप डांस, गायन, मोनो एक्टिंग, मिमिक्री और वाद्य यंत्र वादन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिताओं में सोलो डांस में लक्ष्मी ने प्रथम, नवजोत ने द्वितीय और अमन ने तृतीय स्थान हासिल किया। ग्रुप डांस में नव का ग्रुप प्रथम, शालू का ग्रुप द्वितीय और सुमन का ग्रुप तृतीय रहा।
गायन प्रतियोगिता में शिवम ने प्रथम, सूर्यांश ने द्वितीय और जीवन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद्य यंत्र वादन में शिवम प्रथम रहे। मिमिक्री में अतुल, निदेश और सूर्यांश ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। मोनो एक्टिंग में आकाश प्रथम, सूर्यांश द्वितीय और आदित्य तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विमेन सेल द्वारा साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विमेन सेल की कोऑर्डिनेटर डॉ. नीना पुरी ने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए। भाषण प्रतियोगिता में वृंदा ने प्रथम, पलक ने द्वितीय और श्री ने तृतीय स्थान हासिल किया। कविता प्रतियोगिता में श्रेय प्रथम, रिद्धि द्वितीय और अतुल तृतीय रहे।
पेंटिंग प्रतियोगिता में नैन्सी ने प्रथम, जसप्रीत ने द्वितीय और गगनदीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में टीम एफ प्रथम, टीम बी द्वितीय और टीम ए तृतीय स्थान पर रही।
समापन अवसर पर वाइस प्रिंसिपल डॉ. जसविंदर कौर एवं फैकल्टी सदस्यों ने विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. शिव और डॉ. नेहा ने किया। कल्चरल कमिटी एवं विमेन सेल के सदस्यों ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उत्साहपूर्वक भागीदारी एवं शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
कॉलेज की गवर्निंग बॉडी एवं मैनेजिंग कमिटी के प्रेसिडेंट सरदार रणदीप सिंह जौहर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना की।