#बालाघाट
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना: बालाघाट के 259 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली स्कूटी क्रय की राशि
जिले के 134 छात्राएं और 125 छात्र योजना के लिए पात्र, 2.87 करोड़ रुपये की राशि छात्र छात्राओं के खाते में पहुंची
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना-2026 के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी क्रय हेतु राशि प्रदाय किए जाने का राज्य स्तरीय कार्यक्रम शनिवार, 19 सितंबर को शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी क्रय के लिए निर्धारित राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।
योजना के तहत मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालयों से नियमित परीक्षार्थी के रूप में प्रथम प्रयास में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक बालक एवं एक बालिका को स्कूटी के लिए राशि प्रदान की गई। पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये तथा मोटराइज्ड स्कूटी के लिए 90 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
बालाघाट के 259 विद्यार्थी पात्र
बालाघाट जिले में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत कुल 259 विद्यार्थी पात्र हैं। इनमें 134 बालिकाएं एवं 125 बालक शामिल हैं। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्कूटी क्रय के लिए कुल 2.87 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
विद्यालयों में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बालाघाट जिले के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में किया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालयीन स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा मेहनत और उपलब्धि को सम्मानित करने की दिशा में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना की जानकारी दी गई।
#मुख्यमंत्री_स्कूटी_योजना_MP
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP