#बालाघाट
प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनसमस्या निराकरण अभियान जारी
प्रभावित ग्रामों में प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पोषण और जनसमस्या निराकरण से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं। 19 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 57 ग्रामों में घर-घर सर्वे कर 40,820 लोगों की स्वास्थ्य जांच की। अब तक 6,701 विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज सामने आए हैं, जिनमें 587 का अस्पताल में तथा 6,087 का घर पर उपचार किया गया।
अभियान के तहत अब तक 614 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया, जिनमें से 587 स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 27 मरीज उपचाररत हैं। शनिवार को दो मरीजों को एहतियात के तौर पर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 57 सर्वेक्षण टीमों के साथ 18 चिकित्सा अधिकारी, 12 एम्बुलेंस और 6 पीएम जनमन एएनएमएमयू की सेवाएं लगाई हैं।
बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष अभियान चलाया गया। आज 1,147 बच्चों को विटामिन-ए, ओआरएस एवं जिंक, 1,048 बच्चों को आयरन सिरप तथा 954 बच्चों को एल्बेंडाजोल दिया गया। पांच सत्रों में 149 बच्चों का टीकाकरण किया गया। अब तक 575 सत्रों में 25,053 बच्चों का टीकाकरण हो चुका है। इसके अलावा 54 गांवों के 6,065 घरों में कीटनाशक छिड़काव तथा 44 गांवों के 8,610 घरों में इंडोर और आउटडोर फॉगिंग की गई।
आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई और पोषण व्यवस्था
महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कराई और बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया। बैहर के 21 गांवों के 28 आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बिरसा के 23 गांवों के 41 केंद्रों में सफाई कराई गई। बैहर के 28 केंद्रों में 560 तथा बिरसा के 41 केंद्रों में 786 बच्चों को भोजन दिया गया। घर-घर भोजन वितरण के तहत बैहर में 54 और बिरसा में 239 महिला एवं बच्चों को भोजन पहुंचाया गया। संबंधित केंद्रों पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को THR भी वितरित किया गया।
35 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन, जल स्रोतों के नमूने लिए
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बैहर के तीन और बिरसा के छह गांवों में कुल 35 हैंडपंपों का क्लोरीनेशन किया। बैहर के एक गांव में सात जल स्रोतों से पानी के नमूने भी लिए गए। बिरसा के तीन गांवों में पांच हैंडपंपों की मरम्मत एवं सुधार कार्य किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैहर के एक गांव में जल स्रोत की सफाई, बिरसा के एक गांव में नाली सफाई तथा बैहर के एक गांव में डार्क स्पॉट की सफाई कराई गई।
विशेष जनसमस्या निवारण शिविर में 140 आवेदन प्राप्त
बैहर विकासखंड के प्रभावित ग्राम पाथरी में आयोजित विशेष जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित 140 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें जाति प्रमाण पत्र, समग्र में नाम जोड़ने, संबल कार्ड, खाद्यान्न पर्ची, जन्म प्रमाण पत्र, बीमा योजनाएं, पेंशन, केसीसी और आधार कार्ड अपडेशन सहित अन्य आवेदन शामिल रहे। मातृत्व वंदन योजना से संबंधित एक आवेदन का निराकरण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर कार्यवाही जारी है। आधार कार्ड अपडेशन के सर्वाधिक 72 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा ग्रामीणों से बकरी पालन के 16 और मुर्गी पालन के दो आवेदन भरवाए गए।
स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर जनजागरूकता
अशासकीय संस्था SATHI ने बिरसा विकासखंड के ग्राम कोडबीरकोना में ग्रामीणों के साथ बैठक कर स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। वहीं PRADAN संस्था ने कुण्डेकसा और बोंदारी में जल उपयोगकर्ता समूह के सदस्यों को सोलर वाटर पंप के संचालन तथा अधिक वर्षा के दौरान सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal
#healthminmp
69 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026