**अमेठी में गरजे सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय, भाजपा पर साधा तीखा निशाना, 2027 चुनाव को लेकर भरी हुंकार**
**“भाजपा भस्मासुर है, जिससे आशीर्वाद लिया, उसी को भस्म करने की कोशिश की”**
अमेठी के गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पाण्डेय ने भाजपा की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सवर्ण समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में समाज की ताकत दिखाने की बात कही।
मंगलवार को जामों रोड स्थित पंचवटी मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सर्वेश पाण्डेय ने कहा कि सवर्ण समाज ने अपने खून-पसीने से भाजपा को सींचने और सत्ता तक पहुंचाने का काम किया, लेकिन आज उसी समाज के साथ उपेक्षा का व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा को भस्मासुर बताते हुए कहा कि जिससे आशीर्वाद लिया, उसी को भस्म करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज से वोट लिया जाता है और लाठियां भी उसी पर बरसाई जाती हैं।
यूजीसी के मुद्दे पर उन्होंने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि सवर्ण समाज के खिलाफ किसी भी कानून या नियम का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे आना होगा।
सीबीआई और ईडी की कार्रवाई को लेकर भी सर्वेश पाण्डेय ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि किसान के घर में गेहूं और चावल के अलावा कुछ नहीं है, जांच एजेंसियां आएंगी तो उन्हें अनाज की बोरियां ही मिलेंगी।
अपने संबोधन में उन्होंने वीपी सिंह, मंडल कमीशन और मंगल पाण्डेय का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सवर्ण समाज अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगा।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने सर्वेश पाण्डेय जिंदाबाद और सवर्ण समाज जिंदाबाद के नारे लगाए। उनके संबोधन पर लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन जताया।
**सुनिए, गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में सर्वेश पाण्डेय ने भाजपा और 2027 के चुनाव को लेकर और क्या-क्या कहा।**
#AmethiNews #Gauriganj #SavarnArmy #SarveshPandey #UPPolitics #2027Election #KhabarPublicNews
Amethi, Amethi | Nov 11, 2026