जन कल्याण समिति, प्रतापनगर द्वारा चौथे निशुल्क JR त्रैमासिक कंप्यूटर कोर्स का भव्य समापन, 60 शिक्षार्थियों को किया सम्मानित
28 जून।
समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी जन कल्याण समिति, प्रतापनगर द्वारा संचालित अपने वार्षिक प्रकल्प चौथे निशुल्क JR त्रैमासिक कंप्यूटर कोर्स का भव्य समापन समारोह उज्ज्वल एजुकेशन अकादमी, प्रतापनगर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंध निदेशक चौ. भूप सिंह मुख्य अतिथि तथा प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी बलराम कश्यप अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि चौ. भूप सिंह ने कहा कि जन कल्याण समिति पिछले लगभग 43 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के लिए समिति द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी प्रकल्प समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बलराम कश्यप ने कहा कि जन कल्याण समिति ने अपने जनहित एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है और समिति का यह प्रयास निश्चित रूप से अनेक युवाओं के भविष्य को नई दिशा प्रदान करेगा।
समिति के चेयरमैन संदीप गुप्ता एवं प्रकल्प प्रभारी पवन गुप्ता ने बताया कि इस चौथे बैच में 60 शिक्षार्थियों को संस्था द्वारा पूर्णतः निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद युवाओं को तकनीकी शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम प्रभारी मधुकर चौहान ने जानकारी दी कि समिति ने वर्ष 2023 में इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प की शुरुआत की थी। अब तक 232 शिक्षार्थी इस निशुल्क कंप्यूटर कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संस्था भविष्य में भी इस जनहितकारी प्रकल्प को निरंतर जारी रखेगी तथा अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ प्रदान करेगी।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सभी प्रशिक्षुओं ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निशुल्क प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास एवं तकनीकी ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
कार्यक्रम में पधारे विशिष्ट अतिथियों बलविंदर सिंह, पूर्व सरपंच बलबीर सिंह लेदी, राजेश वालिया, स्वामी प्रपन्नाचार्य सहित अन्य वक्ताओं ने भी जन कल्याण समिति द्वारा संचालित जनसेवा एवं शिक्षा संबंधी कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समिति के प्रधान राजेश कश्यप, वाइस चेयरमैन पवन गुप्ता, प्रबंधक मधुकर चौहान, कैशियर प्रदीप गर्ग, उपप्रधान सुशील चौधरी, उज्ज्वल एजुकेशन अकादमी से परमिंदर सिंह, डॉ. सुखविंदर, रवीना धीमान, रमन, चंचल सहित समिति के अनेक सदस्य, अभिभावक, शिक्षार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का समापन सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने जन कल्याण समिति के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।