मन की बात' से मिली राष्ट्र निर्माण, सेवा और जनभागीदारी की प्रेरणा : महापौर सुमन बहमनी
महापौर ने विकास नगर में भाजपा कार्यकर्ताओ के साथ सुना प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम
यमुनानगर। नगर निगम महापौर सुमन बहमनी ने रविवार को बूथ नंबर 110, शिव शक्ति शक्ति केंद्र, विकास नगर में भाजपा कार्यकर्ता बाल कृष्ण सैनी के निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड को श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को समाज, संस्कृति, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराता है तथा सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करता है।
महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न हिस्सों में जनभागीदारी से किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों, समाजसेवा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय प्रतिभाओं और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाले प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण यह सिद्ध करते हैं कि जब नागरिक स्वयं आगे बढ़कर समाजहित में कार्य करते हैं तो देश की प्रगति को नई गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल सुनने का नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन में अपनाने का है। स्वच्छता, जल संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक समरसता और सेवा भाव जैसे विषय प्रत्येक नागरिक के जीवन का हिस्सा बनने चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से साकार होगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम भी नागरिकों के सहयोग से स्वच्छ, हरित और सुंदर शहर के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करते हुए समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वर्कशॉप मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहित राणा, राज राणा, विक्रम नागरा, तिलक राज गोंदी, रानी कालरा सहित बूथ के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता एवं भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।