*राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम के शौचालय बदहाल, तीन-चार साल से बनी समस्या*
*दुकानदारों और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी, खुले में जाने को मजबूर लोग*
बैढ़न। जिला मुख्यालय के प्रमुख राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लंबे समय से सवालों के घेरे में है। स्टेडियम के चारों कोनों में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल सहित अन्य सुविधाएं खराब हो चुकी हैं। इसके चलते स्टेडियम में आने वाले लोगों, खिलाड़ियों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और लोगों के अनुसार शौचालयों की यह समस्या पिछले तीन से चार वर्षों से बनी हुई है। सुविधाएं खराब होने के कारण लोग सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और मजबूरी में खुले मैदान की ।ओर जाने को विवश हैं। इससे सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
*प्रशासनिक कार्यक्रमों का प्रमुख स्थल, फिर भी सुविधाएं अधूरी*
राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम जिला मुख्यालय का प्रमुख स्टेडियम है, जहां प्रशासन स्तर के सांस्कृतिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा यहां बच्चे और युवा नियमित रूप से खेलकूद के लिए पहुंचते हैं। स्टेडियम परिसर के चारों ओर बड़ी संख्या में दुकानें भी संचालित होती हैं, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का बदहाल होना गंभीर समस्या है। पूर्व में भी शौचालयों की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक मरम्मत का कार्य आधा-अधूरा रहने के कारण समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।
*निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराने की उठी मांग*
स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम के चारों ओर बने सार्वजनिक शौचालयों का स्थल निरीक्षण कराया जाए और खराब यूरिनल सहित अन्य सुविधाओं की तत्काल मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि शौचालयों की नियमित देखरेख और मेंटेनेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि स्टेडियम आने वाले खिलाड़ियों, बच्चों, दुकानदारों और आम नागरिकों को मूलभूत सुविधा मिल सके।