*गारमेंट टेक्नोलॉजी एक्सपो-2026 के लिए मध्यप्रदेश के 30 एमएसएमई उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु रवाना*
इंदौर, 19 सितम्बर 2026
मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत प्रदेश के चयनित 30 एमएसएमई उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल एक्सपोज़र विजिट के लिए बेंगलुरु रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल 21 सितम्बर 2026 तक गायत्री विहार, पैलेस ग्राउंड्स, बेंगलुरु में आयोजित Garment Technology Expo (GTE) 2026 में सहभागिता करेगा।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल के उद्यमियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उद्यमियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विभागीय अधिकारियों के साथ उन्हें एक्सपोज़र विजिट के लिए रवाना किया।
इस एक्सपोज़र विजिट में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित एमएसएमई उद्यमी शामिल हो रहे हैं। इनमें इंदौर से 15, भोपाल से 5, धार से 2, सिवनी से 2, देवास से 2 तथा हरदा, नर्मदापुरम, खरगोन और ग्वालियर से एक-एक प्रतिनिधि शामिल हैं।
बेंगलुरु में आयोजित गारमेंट टेक्नोलॉजी एक्सपो के दौरान प्रदेश के उद्यमियों को गारमेंट एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनरी, अत्याधुनिक उपकरणों, नई उत्पादन प्रक्रियाओं तथा नवीनतम औद्योगिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही उद्यमी उद्योग क्षेत्र में हो रहे तकनीकी नवाचारों, नई उत्पादन तकनीकों और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं से भी परिचित होंगे।
यह एक्सपोज़र विजिट प्रदेश के एमएसएमई उद्यमियों के तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास, उत्पादकता और व्यवसायिक क्षमताओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से उद्यमियों को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी मंच से जुड़कर अपने व्यवसाय के लिए नवीन संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।
उद्यमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह एक्सपोज़र विजिट पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी प्रतिभागियों के फ्लाइट, होटल, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सम्पूर्ण व्यय मध्यप्रदेश शासन द्वारा वहन किया जा रहा है।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #AshirwadKaDiya #MSME #GarmentTechnologyExpo
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
MPIDC