*मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर में 26 मेधावी छात्राओं को वितरित की ई-स्कूटी*
---
*मुख्यमंत्री स्कूटी योजना से बेटियों को मिली आगे बढ़ने की नई राह*
इंदौर, 19 सितम्बर 2026
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज पीएमश्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सांवेर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत 26 मेधावी छात्राओं को ई-स्कूटी वितरित की। ई-स्कूटी प्राप्त होने पर छात्राओं में उत्साह और खुशी का वातावरण दिखाई दिया। इस अवसर पर मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण और नवाचारपूर्ण कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा प्राप्त करने के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्कूटी योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उनके आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ई-स्कूटी मिलने से छात्राओं को विद्यालय एवं आगे की पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा होगी तथा उनका समय भी बचेगा। उन्होंने छात्राओं से अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के सांदीपनि सीएम राइज स्कूलों, पीएमश्री स्कूलों सहित शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को परिवहन की सुविधा के साथ साइकिल, लैपटॉप, पाठ्य पुस्तक, मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और प्रत्येक प्रतिभावान विद्यार्थी को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और प्रदेश के विकास का सबसे मजबूत आधार है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में श्री भारत सिंह चिमली, श्री अंतर सिंह दयाल, श्री सतीश मालवीय, श्री संदीप चंगेडिया, श्री तूफान सिंह, श्री पप्पू भावसार, विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.डी. सरवैया, श्री संजय घोड़ेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
--#JansamparkMP #indore #इंदौर #AshirwadKaDiya #MukhyamantriScootyYojana #GirlsEducation
CM Madhya Pradesh
Tulsi Silawat
Jansampark Madhya Pradesh
Collector Office Indore
Indore Commissioner
Department of School Education, Madhya Pradesh