*मुख्यमंत्री स्कूटी योजना से मेधावी विद्यार्थियों को मिली बड़ी सौगात*
-----
*प्रदेश के 7,400 विद्यार्थियों को स्कूटी का ऑनलाइन वितरण — इंदौर में 147 विद्यार्थियों को मिला लाभ*
इंदौर, 19 सितम्बर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को प्रदेश के 7,400 मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत स्कूटी का ऑनलाइन वितरण किया। शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन विद्यार्थियों को दी गई स्कूटी से उनकी उच्च शिक्षा की राह आसान होगी। साथ ही, कॉलेज आने-जाने में भी विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
इंदौर जिले में 147 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ मिला। स्कूटी वितरण का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट बाल विनय मंदिर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक श्री महेंद्र हार्डिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
*शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहन*
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना तथा उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करना आवश्यक है।
यह योजना स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए लागू है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
योजना के अंतर्गत मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये तथा ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। इससे विद्यार्थियों को आवागमन की सुविधा के साथ-साथ उच्च शिक्षा जारी रखने में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #AshirwadKaDiya #MukhyamantriScootyYojana #StudentWelfare
Tulsi Silawat
Department of School Education, Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Collector Office Indore
Indore Commissioner