वासेपुर गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान कोलकाता से गिरफ्तार!
फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की थी तैयारी, पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे
धनबाद के वासेपुर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है।
कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे धनबाद लेकर पहुंची, जहां फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब सोमवार को बैंक मोड़ थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी।
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस की स्पेशल टीम ने बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर ऐसे कई ठिकानों की जानकारी दी है, जहां अपराध की योजनाएं बनाए जाने और संदिग्ध सामान रखे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस इन ठिकानों को चिह्नित कर आगे की कार्रवाई में जुटी है
पूछताछ में कुछ ऐसे स्थानीय अपराधियों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है, जो अब तक पुलिस की नजर में नहीं थे। इनमें झरिया क्षेत्र से जुड़े कुछ संदिग्ध नाम भी शामिल हैं, जिनकी धमकी और वसूली जैसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता की जांच की जा रही है।
वहीं, पुलिस को मिले दस्तावेजों के आधार पर प्रथम दृष्टया आशंका है कि बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था।
अब पुलिस उसके बताए ठिकानों और सामने आए नामों की गहन जांच कर रही है।
बंटी खान को आज अदालत में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है। इसके बाद पुलिस कोर्ट की अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है, ताकि पूछताछ में सामने आए अन्य कनेक्शनों की भी पड़ताल की जा सके।
वासेपुर से लेकर कोलकाता तक की इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।