जांच के बाद ग्रामीण कर रहे हैं कार्रवाई का इंतजार
गांडेय: गांडेय की झरगटा पंचायत के राताबिहायर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्रामीण और अभिभावकों के बीच में जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विद्यालय में विभिन्न मद में अनियमितता की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने बीते 24 अगस्त को डीसी राम निवास यादव को आवेदन दिया था। ग्रामीणों के आवेदन के आलोक में 31 अगस्त को बीडीओ अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मामले की जांच की थी। पुनः 9 सितंबर को प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार और डीएसई आशीष कुमार हेम्ब्रम भी विद्यालय पहुंचे थे और जांच की थी। पदाधिकारियों ने जब चावल के स्टॉक की जांच की तब चावल तीन अलग-अलग जगहों में रखा गया पाया गया। दो बोरा चावल स्वच्छता विभाग के डस्टबिन में रखा गया था। जांच करने के बाद पदाधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट वरीय पदाधिकारियों को दी जाएगी। इधर, ग्रामीण जांच के बाद कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।