*12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एमजीएम एलाइड हेल्थ साइंसेज इंस्टीट्यूट में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित*
इंदौर, 21 जून 2026
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एमजीएम एलाइड हेल्थ साइंसेज इंस्टीट्यूट (एमएएचएसआई), एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक निदेशक एवं जिला योग समिति के अध्यक्ष डॉ.डी.के.तनेजा तथा संस्था के प्राचार्य डॉ.रामहरी मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग की महत्ता एवं दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े की पत्नी श्रीमती सुनीता खाड़े ने अपने योग प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए विभिन्न योग मुद्राओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। श्रीमती खाड़े एक अनुभवी योग प्रशिक्षिका है एवं उन्होंने छात्रों को कई योग आसन का प्रशिक्षण दिया साथ ही उनको प्रेरणा भी दी । उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में अग्रसर हुआ जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, समर्पण एवं योगाभ्यास में दक्षता की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न योगासनों पर आधारित आकर्षक योग प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं अतिथियों ने सराहा। योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए संस्था एवं जिला योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री विजय शंकर त्रिपाठी, श्री आर.एन.त्रिपाठी, डॉ.प्रिया मिश्रा तथा श्री इंदर सिंह को सम्मानित किया गया।
विशेष आकर्षण के रूप में श्री इंदर सिंह ने 70 वर्ष की आयु में सभी योग साधकों के समक्ष मात्र डेढ़ मिनट में लगातार 12 बार सूर्य नमस्कार कर अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थितजन आश्चर्यचकित रह गए। उल्लेखनीय है कि वे पूर्व में भी एक हजार से अधिक सूर्य नमस्कार निरंतर करने के साथ ही वरिष्ठ आयु वर्ग के मैराथन धावक के रूप में इंदौर का गौरव बढ़ा चुके हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. निकेता शोभित द्वारा किया गया। आयोजन में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं योग साधकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। योग दिवस के अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।
#InternationalYogaDay #YogaForOneEarthOneHealth #YogaDay2026 #MedicalEducation #HealthyLifestyle #JansamparkMP #indore #इंदौर
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
18 views | Indore, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026