#बालाघाट जिले में आकार ले रहे हैं आधुनिक ‘सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र’
स्मार्ट टीवी, आरओ सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पोषण वाटिका से सुसज्जित हो रहे केंद्र
बालाघाट जिले में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सक्षम 2.0’ योजना के तहत कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में बालाघाट ग्रामीण परियोजना क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उन्हें ‘सक्षम केंद्रों’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
परियोजना अधिकारी, बालाघाट ग्रामीण श्री शैलेंद्र कुमार चौकसे ने बताया कि सक्षम 2.0 योजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में आधुनिक एवं आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, आरओ पेयजल व्यवस्था, पोषण वाटिका तथा स्मार्ट टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण मिलेगा, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बालाघाट ग्रामीण परियोजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 40 तथा द्वितीय चरण में 43 आंगनवाड़ी केंद्रों का चयन किया गया है। चयनित केंद्रों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में अरनामेटा, कोडिया टोला, अगरवाड़ा और बीजापुरी आंगनवाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी, आरओ सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा पोषण वाटिका जैसी सुविधाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
बीजापुरी आंगनवाड़ी केंद्र में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह व्यवस्था वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों और समुदाय को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी कार्य करेगी। वहीं पोषण वाटिकाओं में हरी सब्जियों एवं पौष्टिक फसलों का उत्पादन कर बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री चौकसे ने बताया कि प्रथम चरण के सभी चयनित केंद्रों में स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा चुके हैं। इन टीवी के माध्यम से बच्चों को डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी सीखने की क्षमता में वृद्धि हो रही है। साथ ही केंद्रों में अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।
‘सक्षम 2.0’ योजना के क्रियान्वयन से आंगनवाड़ी केंद्रों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ये केंद्र न केवल बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक बनेंगे, बल्कि गर्भवती एवं धात्री माताओं को भी बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal #mp_wcdmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 6, 2026