राष्ट्रीय एकता दिवस पर पंचकूला में 31 अक्टूबर को होगा भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
शिवालिक कंट्री क्लब, माता मनसा देवी परिसर से सुबह 6:30 बजे शुरू होगी दौड़, ‘एक साथ दौड़ेगा पूरा हरियाणा’ का दिया जाएगा संदेश
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्रदेश के सभी जिलों में होंगे कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना होगी मजबूत: पंकज नैन, हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच)
हमारा प्रयास है कि पूरा हरियाणा एक साथ दौड़े और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीय एकता के इस अभियान का हिस्सा बने: पंकज नैन
पंचकूला/ 29 अक्टूबर: राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंचकूला में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जाएगा। शिवालिक कंट्री क्लब, माता मनसा देवी परिसर, पंचकूला में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दौड़ सुबह 6:30 बजे शुरू होगी, जबकि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की जाएगी। इस पहल के माध्यम से प्रदेशवासियों को एकजुटता, सद्भाव और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि 31 अक्टूबर को पूरा हरियाणा एक साथ दौड़े और राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत करे।
इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी (कम्युनिटी पुलिसिंग एवं आउटरीच) एवं पुलिस कमिश्नर पंचकूला पंकज नैन, आईपीएस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलो में हरियाणा उदय के तहत राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों अथवा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी पंकज नैन, आईपीएस ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित की जा रही है। सरदार पटेल ने देश की रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके योगदान को याद करते हुए इस दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामूहिक संकल्प का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि पूरा हरियाणा एक साथ दौड़े और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीय एकता के इस अभियान का हिस्सा बने।
हरियाणा सरकार की यह पहल नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करने तथा समाज में सहयोग, सद्भाव और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को स्मरण करते हुए यह संदेश दिया जाएगा कि देश और प्रदेश की मजबूती उसकी एकता, अखंडता और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों में निहित है।