वर्ष 2017 के हत्या व आर्म्स एक्ट मामले में फरार भगौड़ा काबू, इस वर्ष अब तक 284 भगौड़ों पर कसा शिकंजा
पंचकूला/ 29 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा फरार अपराधियों और अदालत की कार्रवाई से बचने वाले भगौड़ों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पीओ स्टाफ की टीम ने वर्ष 2017 में थाना एमडीसी में हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे भगौड़े को काबू करने में सफलता हासिल की है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है, जिसे इसी वर्ष जुलाई माह में भगौड़ा घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार, पंचकूला पुलिस की पीओ स्टाफ टीम द्वारा इस वर्ष अब तक कुल 284 भगौड़ों को काबू किया जा चुका है। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चेक बाउंस, चोरी और नशा तस्करी जैसे मामलों में शामिल आरोपी हैं। इनमें कई अपराधियों के खिलाफ एक से अधिक मामले दर्ज थे, जबकि कुछ आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद फरार हो गए थे। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य न्याय प्रणाली को सक्रिय बनाए रखना, फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर न्यायालय के समक्ष पेश करना और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।