मुस्लिम पिंडारा समाज की नई जिला कार्यकारिणी गठित, हाजी नजीम खान को मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
हरदा। समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से मध्य प्रदेश मुस्लिम पिंडारा समाज वेलफेयर सोसायटी जिला हरदा की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। स्थानीय शिक्षक कॉलोनी में आयोजित बैठक में जिलेभर से आए समाज के वरिष्ठजनों, ग्राम अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से हाजी नजीम खान को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक प्रदेश संयोजक हाजी शकील खान मुन्ना भाई (खिड़किया) के नेतृत्व में आयोजित हुई। इस दौरान नगर अध्यक्ष सलीम खान ने संगठन की मजबूती में प्रदेश संयोजक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गांव-गांव जाकर ग्राम कमेटियों का गठन करने और समाज के लोगों को एक मंच पर लाने की उनकी मेहनत का परिणाम आज मजबूत संगठन के रूप में सामने आया है।
नई कार्यकारिणी में इसराइल खान (टिमरनी), बलदार खान (खिड़किया) और हाजी मुबारिक पटेल को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। नेक आलम खान (भटपुरा) एवं साबिर खान (हरदा) को जिला प्रभारी, अली मोहम्मद को सचिव तथा शब्बीर खान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं अन्य पदों पर भी समाज के लोगों को दायित्व सौंपे गए।
बैठक में खिड़किया, टिमरनी, सिराली, भटपुरा, छिपाबड़ सहित विभिन्न ग्रामीण इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अंत में समाज की एकता, युवाओं की शिक्षा, आपसी भाईचारे और सामाजिक विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
Harda, Harda | Nov 17, 2026