15 साल में बदहाल हुआ धारूहेड़ा का खेल स्टेडियम, सड़क पर दौड़ लगाने को मजबूर युवा: जेपी यादव
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
पूर्व डीआईपीआरओ ने स्टेडियम की हालत सुधारने, दो कोच नियुक्त करने और साथ लगते डंप यार्ड को हटाने की उठाई मांग
धारूहेड़ा, 16 अगस्त: करीब 15 साल पहले लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया धारूहेड़ा का एकमात्र खेल स्टेडियम रखरखाव के अभाव में बदहाल हो गया है। मैदान में कंटीली घास और झाड़ियां उगने से खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी हो रही है और स्थानीय युवा मजबूरी में सड़कों पर दौड़ लगाने को मजबूर हैं। यह बात हरियाणा सरकार के सेवानिवृत्त डीआईपीआरओ और धारूहेड़ा निवासी जेपी यादव ने कही।
यादव ने स्टेडियम की हालत तत्काल सुधारने के साथ यहां दोनों कोच के पदों पर नियुक्ति की मांग की है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को नियमित प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि करीब एक लाख की आबादी वाले धारूहेड़ा में यह स्टेडियम लगभग 15 वर्ष पहले चार एकड़ पंचायत भूमि पर बनाया गया था। लंबे समय से उचित रखरखाव नहीं होने के कारण मैदान में कंटीली घास और झाड़ियां फैल गई हैं। इससे प्रतिदिन अभ्यास करने वाले युवाओं को परेशानी के साथ चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।
यादव ने कहा, “खेल स्टेडियम में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के युवा सुरक्षित तरीके से खेल और अभ्यास कर सकें।”
उन्होंने कहा कि स्टेडियम की खराब स्थिति के कारण कई युवा दौड़ का अभ्यास करने के लिए सड़कों का सहारा ले रहे हैं। इससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
यादव के मुताबिक, स्टेडियम की तरफ जाने वाला रास्ता भी खराब स्थिति में है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्टेडियम के मैदान के साथ-साथ पहुंच मार्ग की हालत सुधारने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में स्थानीय युवा तीन बार अपने स्तर पर ट्रैक्टर और रोटावेटर की मदद से स्टेडियम की सफाई करा चुके हैं। इसके बावजूद नियमित रखरखाव नहीं होने से मैदान की स्थिति फिर खराब हो जाती है।
यादव ने स्टेडियम के साथ बने डंप यार्ड को भी वहां से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक अभ्यास करने वाले युवाओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं को बेहतर बनाकर युवाओं को खेलों से जोड़ा जा सकता है। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि खेलों को बढ़ावा देने से युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिल सकती है।
यादव ने प्रशासन से स्टेडियम की सफाई और नियमित रखरखाव, पहुंच मार्ग की मरम्मत, जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और कोचों की नियुक्ति के लिए शीघ्र कदम उठाने की मांग की।