गिद्धेश्वर और परासी पठार पर्यटन के क्षेत्र में होगा विकसित: DM
जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत गिद्धेश्वर की पहाड़ियों और परासी पठार में पर्यटन विकास की संभावनाओं को अब धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और रोमांचकारी पर्यटन के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र को समग्र पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जायसवाल और उप विकास आयुक्त शिप्रा विजय कुमार चौधरी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। साथ ही परासी पठार का भी निरीक्षण किया गया। इसकी जानकारी शनिवार की दोपहर 1:00 बजे हुई है।
निरीक्षण के दौरान गिद्धेश्वर और परासी पठार की प्राकृतिक संरचना, पहाड़ी भू-दृश्य, हरियाली, जलस्रोतों और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा की गई। क्षेत्र में इको-टूरिज्म के साथ ट्रेकिंग, एडवेंचर टूरिज्म, व्यू-प्वाइंट और प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियों को विकसित करने की संभावनाएं तलाशी गईं। पर्यटकों की सुविधा के लिए पहुंच मार्ग, विश्राम स्थल और सूचना केंद्र जैसी आधारभूत सुविधाओं पर भी विचार किया गया। प्रशासन की योजना है कि आसपास के प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन सर्किट विकसित किया जाए, जिससे पर्यटकों को एक ही क्षेत्र में प्रकृति, रोमांच और अध्यात्म का अनुभव मिल सके।
हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के चकाई भ्रमण के दौरान गिद्धेश्वर क्षेत्र के विकास का प्रस्ताव एक माह के भीतर तैयार कर भेजने का निर्देश दिया गया था। इसी के बाद जिला प्रशासन ने स्थल की वास्तविक परिस्थितियों और पर्यटन संभावनाओं का आकलन शुरू किया है। अब संबंधित अधिकारियों के समन्वय से विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। #dmjamui #jamui #ddcjamui #jamuitopnews
Jamui, Jamui | Oct 10, 2026