#बलरामपुर; स्वतंत्रता दिवस को लेकर बलरामपुर में कड़ी सुरक्षा, ड्रोन और सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी...
#बलरामपुर। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, सराय, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और किराए के मकानों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी और डिजिटल कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। कार्यक्रम स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से हवाई निगरानी भी होगी।
नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच के साथ पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। वहीं साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर, वांछित और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। थाना स्तर पर “त्रिनेत्र डेस्क” के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज की निगरानी कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। डायल-112 की पीआरवी और क्यूआरटी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते द्वारा रेलवे स्टेशन सहित महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। LIU टीम भी आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आसूचना संकलन में जुटी है।
बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 पर देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
#balrampur #balrampurpolic