कोटा के रामपुरा नगर सेठ पंडाल में हथियार लहराने के मामले में पकड़ा तूल
व्यापारियों और भक्तों का धरना जारी, समझाइश और बातचीत का दौर जारी
कोटा। रामपुरा नगर सेठ गणेश पंडाल में तलवार-पिस्टल दिखाकर हंगामा करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में शनिवार को गणेश भक्तों, शहर की विभिन्न गणेश पंडाल समितियों और नगर सेठ रामपुरा समिति के पदाधिकारियों ने पंडाल के बाहर धरना दे दिया। धरने के कारण क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल मौके पर पुलिस प्रशासन, भाजपा नेताओं, व्यापारियों और गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के बीच समझाइश और बातचीत का दौर चल रहा है। प्रशासन धरना समाप्त कराने के प्रयास में जुटा है, लेकिन धरनार्थी आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से पहले भी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, इसके बावजूद गणेश पंडाल जैसी धार्मिक जगह पर इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मांग पूरी नहीं होने पर बड़े धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
वहीं कोटा होलसेल व्यापार संघ हाड़ौती संभाग अध्यक्ष पंकज बागड़ी ने बताया कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा और रामपुरा बाजार भी नहीं खुलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये बदमाश संगठित गिरोह के रूप में सक्रिय हैं और व्यापारियों से चौथ वसूली तक का काम करते हैं, लेकिन थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती।
Sangod, Kota | Sep 19, 2026