खखरेरू में आधी रात बड़ा हादसा, सोते समय पिता-पुत्र को जहरीले सांप ने डसा
फतेहपुर। जिले के खखरेरू कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रात में सो रहे पिता और उनके मासूम बेटे को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बेटे की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत खखरेरू के रामनगर वार्ड नंबर-12 निवासी सुनील कुमार तिवारी (35) अपने लगभग 10 वर्षीय पुत्र अंकुश तिवारी के साथ सोमवार रात एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। रात करीब तीन बजे अचानक छत से एक जहरीला सांप उनके बिस्तर पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि सांप ने पहले अंकुश के हाथ पर डसा और उसके बाद सुनील कुमार को भी काट लिया। घटना के बाद सांप बिस्तर में ही छिप गया।
परिजनों ने शोर सुनते ही दोनों को तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल फतेहपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सुनील कुमार की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि अंकुश की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।