ई-रिक्शा में छूटा महिला का बैग, कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से किया ट्रेस
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर में कोतवाली पुलिस ने तत्परता और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए ई-रिक्शा में छूटे एक महिला के बैग को कुछ ही समय में खोजकर सुरक्षित वापस दिलाया। बैग में मोबाइल फोन और ₹3,500 नकद रखे थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
पुलिस के अनुसार, भौली निवासी आसमा पत्नी अब्दुल शेख बाजार में खरीदारी करने के लिए कोतवाली क्षेत्र आई थीं। खरीदारी के बाद घर लौटते समय उनका बैग गलती से ई-रिक्शा में छूट गया। बैग में एक मोबाइल फोन और ₹3,500 नकद मौजूद थे। बैग गुम होने का एहसास होने पर महिला ने तत्काल थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी मुराइनटोला पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बिना विलंब कार्रवाई शुरू की। महिला द्वारा बताए गए मार्ग और स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन परीक्षण किया गया। तकनीकी सहायता से संबंधित ई-रिक्शा की पहचान कर उसे ट्रेस किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने ई-रिक्शा तक पहुंचकर महिला का बैग सुरक्षित बरामद किया और उसमें रखा मोबाइल फोन तथा ₹3,500 नकद सहित पूरा सामान महिला को सकुशल वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर महिला ने फतेहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में हेड कांस्टेबल सिपाही यादव तथा कांस्टेबल अमन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।