गधे को न्याय दिलाने के लिए SHO के खिलाफ धरने पर बैठा भिवानी गौरक्षा दल
भिवानी- कस्बा सिवानी में एक बेजुबान गधे के साथ हुई हैवानियत और फिर पुलिस की कथित अनदेखी के कारण उसकी दर्दनाक मौत ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। डंडों से पीट-पीटकर उसकी टांग तोड़ दी गई, सिर फोड़ दिया गया और वह बेजुबान तड़प-तड़पकर दम तोड़ गया। उस निष्पाप जीव को न्याय दिलाने और दोषी पुलिसकर्मियों व आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर गौरक्षा दल भिवानी वीरवार से स्थानीय लघु सचिवालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गया है।
गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने कहा कि क्या इस दुनिया में एक बेजुबान गधे को जीने का अधिकार नहीं है। परमार ने बताया कि उनके द्वारा 27 सितंबर को ही इस क्रुरता के खिलाफ सिवानी थाना में शिकायत दी गई थी। लेकिन जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद दो दिनों तक वे एसएचओ इंस्पेक्टर रिसाल सिंह के सामने गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्होंने भी इस गंभीर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। जब पानी सिर से ऊपर चला गया, तब उनके द्वारा डीएसपी सिवानी से प्रार्थना की। इसके बाद जाकर 30 सितंबर को पुलिस ने बेजुबान का मेडिकल करवाया और आरोपी को ही इलाज कराने के लिए बाध्य किया। जो कार्रवाई 27 तारीख को ही हो जानी चाहिए थी, उसमें पुलिस ने जानबूझकर ढिलाई बरती। आरोपी की दरिंदगी और पुलिस के इस ढुलमुल व लापरवाह रवैये के कारण ही वह बेजुबान तड़प-तड़पकर मौत के मुंह में समा गया।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती और लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, गौरक्षा दल भिवानी का यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। गौरक्षा दल भिवानी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस व प्रशासन की होगी। इस अवसर पर भीम भाटी, डॉक्टर कृष्ण वर्मा, बलदेव, हितेश गुजरानी, सावन, रवि, राहुल, अतुल, हिमांशु, योगी, मोनू राणा, शशीकांत, दिनेश सैनी, निखिल, रीतिक, कुकी परमार सहित अन्य गौसेवक मौजूद रहे।