जनहित संकल्प पार्टी की न्याय यात्रा प्रयागराज पहुंची, राष्ट्रपति के नाम छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज। जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एस. पटेल के नेतृत्व में 12 जून से मऊ जनपद की मधुबन विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुई न्याय यात्रा शनिवार को प्रयागराज पहुंची। यात्रा आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र होते हुए करछना विधानसभा क्षेत्र के रोकड़ी से आगे बढ़ी।
यात्रा में सरदार सेना एवं जनहित संकल्प पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमेश पटेल के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा के दौरान सामाजिक मुद्दों को लेकर 'सरदार पटेल एकता रथ' भी शामिल रहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. आर.एस. पटेल ने कहा कि देश-विदेश में बढ़ रही जातीय हिंसा, सामाजिक भेदभाव तथा वंचित समाज के साथ हो रहे अन्याय को समाप्त करने के लिए सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े और दलित वर्ग को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
यात्रा के समापन पर पदयात्रियों ने करछना के उपजिलाधिकारी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश पटेल, जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता संदीप पटेल, उदय पटेल, विवेक पटेल, दीपक पटेल, हर्ष पटेल, उमेश पटेल, सृष्टि पटेल, श्वेता सिंह, निशा पटेल, स्मिता पटेल, दिनेश प्रजापति, सतीश चौधरी सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे