कमरे में फंदे से झूलता मिला 17 वर्षीय किशोरी का शव, मौत पर उठे सवाल
खैरा। गरही थाना क्षेत्र के कुरवाटांड़ स्थित मलकर टोला में सोमवार देर रात 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से झूलता मिला। मृतका की पहचान उमाकांत माली की पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि सोमवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद ज्योति अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से झूलती मिली। सूचना पर गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पलटा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या मानकर चल रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
Jamui, Jamui | Aug 10, 2026