मुजफ्फरपुर का बदलेगा स्वरूप! मास्टर प्लान-2047 पर मंथन, 428.29 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के विकास की बनेगी रूपरेखा
मुजफ्फरपुर के भविष्य को बेहतर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। वर्ष 2047 तक शहर और आसपास के इलाकों का स्वरूप कैसा होगा, इसे लेकर प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मुजफ्फरपुर जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुजफ्फरपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। इसमें कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री अजीत कुमार, नगर विधायक रंजन कुमार, विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी, महापौर निर्मला देवी, उप महापौर डॉ. मोनालिसा सहित जिलाधिकारी कुमार गौरव और कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रस्तावित मास्टर प्लान के तहत 428.29 वर्ग किलोमीटर आयोजना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर नगर निगम, कांटी नगर परिषद, माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत और कुल 274 गांव शामिल हैं।
इस योजना में आवास, परिवहन, सड़क, आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक विकास और तिरहुत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी हितधारकों और आम जनता से सुझाव लेकर माइक्रो लेवल पर प्लानिंग करें।
उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान-2047 मुजफ्फरपुर के संतुलित, समावेशी और सतत विकास का मार्गदर्शक दस्तावेज बनेगा।
#MuzaffarpurMasterPlan2047 #MuzaffarpurDevelopment #TirhutCommissionary #SmartMuzaffarpur #TirhutNow