सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक्शन में प्रशासन, डीएम शेखर आनंद ने दिए सख्त निर्देश।
जिले में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार, 24 अगस्त 2026 को समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने की। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने जिले की वर्तमान यातायात स्थिति और हाल के दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, तेज रफ्तार और बिना वैध कागजात के वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिले भर में लगातार और सघन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) में सड़कों के किनारे स्थित पेड़ों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाएंगे, ताकि रात के अंधेरे में चालकों को दूर से ही रास्ते और मोड़ों का स्पष्ट संकेत मिल सके। सड़कों के किनारे दृष्टि बाधित करने वाले झाड़ियों और पेड़ों की टहनियों की तत्काल छंटाई कराने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित संवेदनशील स्थलों पर निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जल्द से जल्द सीसीटीवी (CCTV) कैमरे स्थापित करने को कहा गया पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहों और स्कूल-कॉलेजों के समीप प्राथमिकता के आधार पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्देश मिला।
जिले की बदहाल और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की बात कही गई ताकि गड्डों के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके। सभी नगर निकायों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी-अपनी सीमाओं में सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाएं, ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म हो सके।
इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (जांच), भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, और जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Aug 24, 2026