#बालाघाट
अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1600 किलो महुआ लाहन एवं 35 लीटर कच्ची शराब जब्त
कलेक्टर श्री मृणाल मीणा के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने लालबर्रा क्षेत्र के ग्राम सालेभर्री एवं भांडामुर्री में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया।
आबकारी वृत्त वारासिवनी, बालाघाट एवं कटंगी की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर प्लास्टिक के ड्रमों एवं डिब्बों में भरा हुआ लगभग 1600 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 35 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची मदिरा बरामद की। कार्रवाई के दौरान आवश्यक नमूने लेकर शेष महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत दो प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 65 हजार 250 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी एवं उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, रमाकांत बघेल, मनोज अंजलेकर, मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके सहित अन्य आबकारी आरक्षक उपस्थित रहे।
जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#अवैध_शराब #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_STATE_Excise_Dept_of_MP_Government #minprdd
170 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026