चित्रकूट में बालिका शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान
चित्रकूट जिले में बालिका शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। मानिकपुर और राजापुर के राजकीय बालिका विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। भवन निर्माण पूरा होने के बाद छात्राओं को बेहतर शैक्षिक माहौल के साथ आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
चित्रकूट के मानिकपुर और राजापुर में बालिकाओं की शिक्षा से जुड़ी बड़ी पहल की गई है। दोनों स्थानों पर राजकीय बालिका विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए कुल 9.61 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मानिकपुर के अर्धनिर्मित राजकीय बालिका विद्यालय के निर्माण के लिए 5.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी। आसपास के क्षेत्रों की छात्राएं भी यहां दाखिला लेकर शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी।
वहीं राजापुर के अर्धनिर्मित राजकीय बालिका विद्यालय के लिए 4.11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है और मानिकपुर की बिल्डिंग के लिए 5 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है । यहां निर्माण कार्य शुरू होने के बाद छात्राओं के लिए आधुनिक कक्षाओं के साथ लैब, खेलकूद से जुड़ी सुविधाएं और अन्य शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए जाने की योजना है।
इन भवनों के तैयार होने से पुरानी और जर्जर व्यवस्था में पढ़ रही छात्राओं को बेहतर बुनियादी ढांचा मिल सकेगा। साथ ही ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।