व्यारमा नदी में उफान, पुल से दो फीट ऊपर पानी; तारादेही-महाराजपुर मार्ग बंद
दमोह। जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद तेंदूखेड़ा क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर आ गए। लगातार बारिश के चलते शाम करीब छह बजे व्यारमा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तारादेही-महाराजपुर मार्ग पर बने पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बहने लगा। पानी बढ़ते ही मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुल पर पानी आने की सूचना मिलते ही तारादेही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों को पुल पार नहीं करने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की समझाइश दी। यह मार्ग देवरी, महाराजपुर समेत करीब दो दर्जन गांवों को जोड़ता है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई।
वहीं, लगातार बारिश से सारसबगली गांव में भी जलभराव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव से बाहर आने-जाने वाले रास्तों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित है।
Damoh, Damoh | Aug 8, 2026