रजपुरा में बाघ की दहशत, खेतों में जाना छोड़ रहे ग्रामीण; वन विभाग ने लगाए ट्रैप कैमरे
मवेशियों का शिकार होने से बढ़ा डर, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर टाइगर रिजर्व में छोड़ने की मांग की
दमोह जिले के हटा वन परिक्षेत्र अंतर्गत रजपुरा और आसपास के जंगलों में पिछले 10-12 दिनों से बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। बाघ द्वारा पालतू मवेशियों का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीण खेतों में जाने और मवेशियों को जंगल में चराने से बच रहे हैं।
शनिवार को रजपुरा के जंगल में एक भैंस मृत मिली। ग्रामीणों के अनुसार उसके शरीर पर बाघ के पंजों के निशान मिले हैं और पीछे के हिस्से को बाघ द्वारा खाए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है।
बाघ की गतिविधियों से चिंतित ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय पहुंचकर सहायक परिक्षेत्र अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण अभीर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू कर टाइगर रिजर्व में छोड़ने की मांग की।
Damoh, Damoh | Aug 8, 2026