दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर शेखपुरा बस स्टैंड में मॉक ड्रिल, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की तत्परता की हुई जांच।
आज दिनांक 07.11.2026 को दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को शेखपुरा बस स्टैंड परिसर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु की मौजूदगी में अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं की तत्परता एवं कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। उन्होंने मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन स्थिति की सूचना देने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को कॉल किया गया तथा यह जांच की गई कि सूचना प्राप्त होने के बाद अग्निशमन वाहन एवं एम्बुलेंस कितने समय में निर्धारित घटनास्थल तक पहुंचते हैं। इसके माध्यम से आपातकालीन सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम, संसाधनों की उपलब्धता तथा संबंधित कर्मियों की सक्रियता का जायजा लिया गया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, आगजनी अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अग्निशमन वाहनों एवं एम्बुलेंस को हर समय अलर्ट मोड में रखने तथा आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई बेहद आवश्यक है। मॉक ड्रिल का उद्देश्य वास्तविक आपातकालीन परिस्थिति उत्पन्न होने से पहले तैयारियों की कमियों को पहचानना और उन्हें दूर करना है। पुलिस अधीक्षक महोदय ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने तथा आपातकालीन सेवाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जिला प्रशासन शेखपुरा द्वारा आयोजित इस मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में आम नागरिकों को बिना विलंब राहत, बचाव एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि दोनों पर्व जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 7, 2026