जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन अभियान का समापन सरस्वती विद्या निकेतन बी.पी. इंटर उच्च विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ऋषिकांत उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में बेगूसराय न्यायमंडल के 200 से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में बच्चों को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार, साइबर अपराध, बाल विवाह एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बच्चों को किसी भी असहज व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री करुणानिधि प्रसाद आर्य एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ने भी बच्चों की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगोली एवं विचार प्रस्तुति के माध्यम से सुरक्षित बचपन का संदेश दिया।
IPRD Bihar
#begusarai
#cmsamrat