राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय जमुई में तेजस कार्यशाला एवं तेजस हैकाथॉन का DM ने किया भव्य शुभारंभ
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के 'स्टार्टअप इंडिया' कार्यक्रम के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र तथा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय तेजस कार्यशाला एवं तेजस हैकाथॉन 2026 का औपचारिक शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (सिंचाई प्रमंडल जमुई), राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य, विभिन्न शिक्षाविद् तथा IIT, NIT एवं देश के अन्य प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त जानकारी गुरुवार की शाम 5:30 बजे प्रेस रिलीज व तस्वीर जारी कर दी गई है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने युवाओं को अपनी सोच का दायरा विस्तृत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग केवल नौकरी पाने तक अपनी आकांक्षाओं को सीमित न रखे, बल्कि तकनीकी दक्षता, नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से स्वयं का उद्यम स्थापित करे तथा अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर निर्मित करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल इस बात की है कि इस क्षमता का उपयोग स्थानीय स्तर की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में किया जाए।
युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि असफलता से न घबराने और निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि Hackathon जैसी प्रतियोगिताएं केवल तत्काल सफलता प्राप्त करने का मंच नहीं हैं, बल्कि यह समस्याओं को गहराई से समझने और लगातार सुधार करने की एक प्रक्रिया है। निरंतर प्रयास और सीखने की प्रवृत्ति ही स्थायी सफलता का आधार बनती है।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता सिंचाई प्रमंडल, जमुई ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जमुई जिला में विकास की अपार संभावनाए है। तकनीक की मदद से किसानों की समस्या को सुलझाया जा सकता है, कार्यालयों की कार्य क्षमता बढ़ाया जा सकता है। धरती पर पीने का पानी सीमित है अतः ऐसी तकनीक विकसित करने की आवश्यकता है जिससे सिंचाई हेतु सतत पानी उपलब्ध कराया जा सके। वाटर बजटिंग पर भी कार्य करने की आवश्यकता है। आवश्यकता पड़ने पर छात्रों के साथ समय एवं तकनीक साझा करने के लिए सदैव तत्पर हैं।
यह दो दिवसीय 'TEJAS कार्यशाला एवं हैकाथॉन 2026' जमुई सहित बिहार के अन्य जिलों के युवाओं को समस्या की पहचान से लेकर स्टार्टअप की स्थापना तक के प्रत्येक चरण का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। #jamuitopnews #jamuibihar #jamuinews #dmjamui
Jamui, Jamui | Aug 21, 2026