OBC की 21 मांगों पर सरकार मौन! अब सड़कों पर उतरेगा OBC वर्ग | Kangra Express
धर्मशाला : OBC संघर्ष समिति, हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश सरकार पर OBC वर्ग की लंबित मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया है। समिति के अध्यक्ष सौरभ कौंडल ने कहा कि करीब एक वर्ष पहले सरकार को 21 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा गया था, लेकिन अभी तक प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मांगों को लेकर अब 20 सितंबर 2026 को OBC सामाजिक न्याय यात्रा-2 निकाली जाएगी। पालमपुर से शाहपुर तक कार-बाइक रैली के रूप में होने वाली इस यात्रा में प्रदेशभर से OBC वर्ग के लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
समिति की प्रमुख मांगों में 27 प्रतिशत आरक्षण, रोस्टर प्रणाली लागू करना, बैकलॉग पद भरना, OBC जनगणना, OBC प्रमाण-पत्र को लाइफ टाइम वैध करना और अलग बजट का प्रावधान सहित 21 मांगें शामिल हैं।
सौरभ कौंडल ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि OBC वर्ग के संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई है। समिति ने सरकार से लंबित मांगों पर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Kangra, Kangra | Sep 5, 2026