प्रेमी के साथ रहने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
बिहार के बेतिया में प्रेम विवाह के बाद पति द्वारा साथ रखने से इनकार किए जाने से आहत एक विवाहिता रविवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना चौतरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव की है, जहां महिला को टावर पर चढ़ा देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पिपरा गांव निवासी प्रियंका देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पूर्व उसने चौतरवा थाना क्षेत्र के सीतापार पतिलार निवासी अमीन अंसारी से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय बाद पति ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया।पति की बेरुखी से परेशान होकर महिला टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।