स्कॉलरशिप और एडमिशन के नाम पर फर्जीवाड़े का भंडाफोड़, 600 से अधिक युवा हुए ठगी के शिकार
सिमडेगा :सिमडेगा में स्कॉलरशिप और बड़े विश्वविद्यालयों में एडमिशन दिलाने के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस मामले में 600 से अधिक युवाओं को निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है। घटना के सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, सिमडेगा के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के सभागार में जिले के सैकड़ों युवाओं को स्कॉलरशिप और बड़े विश्वविद्यालयों में एडमिशन दिलाने के नाम पर बुलाया गया था। आयोजन में बाहर से आए कुछ लोग युवाओं से 200-200 रुपये लेकर उन्हें एक सर्टिफिकेट दे रहे थे। इस दौरान मौजूद कुछ युवाओं और अभिभावकों को दिए जा रहे सर्टिफिकेट पर रजिस्टर्ड नंबर नहीं होने और पूरी प्रक्रिया संदिग्ध लगने लगी।शंका होने पर युवाओं ने सवाल उठाना शुरू किया, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। धीरे-धीरे मामला बढ़ने पर इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई।पीड़ित युवाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बेहतर शिक्षा और स्कॉलरशिप का झांसा देकर पैसे लिए गए। कई युवाओं ने कहा कि कार्यक्रम के बारे में उन्हें अलग-अलग माध्यमों से जानकारी दी गई थी और भरोसा दिलाया गया था कि उन्हें नामी संस्थानों में दाखिला मिलेगा।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ सिमडेगा सुमंत तिर्की स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही। उन्होंने पूरे मामले में विस्तृत जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।फिलहाल पुलिस युवाओं से पैसे लेने वाले चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जिले में शिक्षा और स्कॉलरशिप के नाम पर चल रहे ऐसे आयोजनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Simdega, Simdega | Jun 7, 2026