बीकानेर । पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने शनिवार को खाजूवाला नगरपालिका चुनाव के अंतर्गत वार्ड नं. 05 के कांग्रेस प्रत्याशी रामकुमार गोदारा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया।
"हाथ बदलेगा हालात, कांग्रेस लायेगी विकास की सौगात" के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में मेघवाल ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों को गिनाया और वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बेलगाम महंगाई और किसान-युवा विरोधी रवैये पर तीखा प्रहार किया।
गोविन्दराम मेघवाल ने पूर्व कांगेस सरकार की उपलब्धियो बताया कि कांग्रेस सरकार ने ही खाजूवाला को नगरपालिका का दर्जा दिया और यहाँ एडीजे एवं एसीजेएम कोर्ट की स्थापना कर आमजन को न्याय की सुलभता प्रदान की। सत्तासर से बीकानेर तक करोड़ो रुपये की लागत से सड़क निर्माण करवाया। कोलायत से बल्लर और खाजूवाला तक की सड़कों का निर्माण कर बीकानेर की दूरी को मात्र एक से डेढ़ घंटे तक सीमित किया। गलियों में कीचड़ की समस्या को खत्म कर सीसी रोड का जाल बिछाया।
कोरोना जैसी महामारी के बावजूद मात्र ढाई साल के भीतर 600 करोड़ रुपये लाकर खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की नहरों और माइनरों की मरम्मत करवाई। लूनकरणसर लिफ्ट (वेद मग्गाराम) के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया । 450-500 करोड़ रुपये की लागत से 116 पानी की टंकियां स्थापित कर घर-घर जल कनेक्शन पहुँचाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
*भाजपा सरकार की विफलताएं और जनविरोधी नीतियां के संबंध में कहा कि :*
भाजपा सरकार ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस के समय जो गैस सिलेंडर 400 रुपये का था, वह आज 1000 रुपये के पार है। 45 रुपये किलो बिकने वाली चीनी 75 रुपये तक पहुँच गई है और पेट्रोल-डीजल 100 रुपये के पार है। आटे, चावल और रोजमर्रा की जरुरत के सामान पर भी जीएसटी लगा दिया गया है।
वर्तमान में पोंग डैम में 1372 फुट पानी होने के बावजूद खाजूवाला और रावला के किसानों को पानी नहीं दिया जा रहा है, जिससे नरमा और मूंगफली की फसलें बर्बाद हो रही हैं। मूंगफली खरीद में भाजपा राज में दलालों द्वारा प्रति किसान 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने जैसे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप भी उन्होंने लगाए।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 145 बार पेपर लीक (रीट, नीट आदि) हुए हैं, जिसके विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लाखों युवाओं पर लाठियां और गोलियां बरसाई गईं।
पेयजल कनेक्शन के नाम पर कांग्रेस राज में बनी सड़कें तोड़ दी गईं, जिनकी आज तक मरम्मत नहीं हुई। वन विभाग की जमीनों पर बसे परिवारों के मकान तोड़ने का भय दिखाकर आमजन को परेशान किया जा रहा है।
श्री मेघवाल ने मंच से घोषणा की कि खाजूवाला, छतरगढ़ और पूगल तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस अपना बोर्ड बनाएगी। उन्होंने वार्ड नं. 05 से रामकुमार गोदारा सहित सभी कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इसी के साथ खाजूवाला में वार्ड न0 2 कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती राममूर्ति गिला के कार्यालय का उद्घाटन एवं वार्ड न0 07 से प्रत्याशी मुंसब अली के लिए वार्ड में प्रचार कार्यकर्ता एवं संबंधित ग्रामीणजन से अपील की।
साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि 8 सितंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे नई धान मंडी, खाजूवाला में एक विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की जनता की भारी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।