शेखपुरा के डीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बेलछी (अरियरी) का किया निरीक्षण, छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और डिजिटल माध्यमों से सीखने के लिए किया प्रेरित।
आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को
जिला पदाधिकारी शेखर आनंद द्वारा अरियरी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बेलछी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और छात्राओं के खान-पान का गहन जायजा लिया। विद्यालय परिसर में जिला पदाधिकारी महोदय के आगमन पर कक्षा 6, 2 और 8 की छात्राओं ने बेहद उत्साह के साथ स्वागत गान गाकर और पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर उनका भव्य अभिनंदन किया। छात्राओं के इस आत्मीय स्वागत से प्रसन्न होकर जिला पदाधिकारी महोदय ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उन्हें पूरी लगन व मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे बच्चों को नियमित शिक्षा के साथ-साथ सुबह में योगाभ्यास करने की सलाह दी। साथ ही, ज्ञानवर्धन के लिए गूगल और यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक उपयोग करने का सुझाव दिया। शैक्षणिक स्तर को जांचने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी महोदय ने छात्रा सुप्रिया कुमारी से 29 का पहाड़ा सुनाने को कहा तथा अन्य छात्राओं से कविता पाठभी सुनाए। विद्यालय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि संस्थान में जल्द ही कंप्यूटर शिक्षक, म्यूजिक टीचर और संस्कृत शिक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त, बेलछी ग्राम के पहुंच पथ (एप्रोच रोड) के निर्माण हेतु जिला पदाधिकारी ने नियमानुसार एक औपचारिक पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया ताकि सड़क सुविधा को दुरुस्त किया जा सके। संवाद के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने जिला पदाधिकारी महोदय से भोजन के मेन्यू में बदलाव करने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाया और विद्यालय परिसर की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए जिला पदाधिकारी ने स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और नए शौचालयों के निर्माण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी सभी समस्याओं व आवश्यकताओं के त्वरित निष्पादन हेतु राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
Sheikhpura, Sheikhpura | Sep 22, 2026