श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति गिरिहिंडा की ओर से मां दुर्गा को दी गई अंतिम विदाई, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
शेखपुरा जिले में शारदीय नवरात्र के आठवें, नौवें और दसवें दिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद अब प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिले में अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है, जबकि कुछ प्रतिमाओं का विसर्जन बाकी है। गुरुवार की रात तक सभी प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा होने की संभावना है।
श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, गिरिहिंडा की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष दृश्य देखने को मिला। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने मां काली, मां दुर्गा और भगवान गणेश के रूप धारण कर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
इस दौरान मोहल्ले के लोगों और श्रद्धालुओं ने ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाए और भक्ति गीतों पर जमकर झूमे। मां दुर्गा की अंतिम विदाई के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
वहीं, दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बताया कि शेखपुरा जिले में अधिकांश मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है। कुछ प्रतिमाओं का विसर्जन शेष है, जिसे गुरुवार की रात तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।पुलिस प्रशासन की सतर्कता और सहयोग से पूजा एवं विसर्जन का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है।
मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विदाई के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की कामना की।
जय माता दी।