दुर्गापूजा मूर्ति विसर्जन को लेकर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया खीरी पोखर का निरीक्षण, सुरक्षित विसर्जन के लिए दिए आवश्यक निर्देश।
दुर्गापूजा की मूर्ति विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं श्री हिमांशु पुलिस अधीक्षक महोदय ने नगर परिषद् शेखपुरा अंतर्गत खीरी पोखर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी शेखपुरा सुश्री प्रियंका कुमारी , ट्रैफिक डीएसपी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी महोदय ने खीरी पोखर में मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्र की समुचित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही, विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन स्थल पर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करा सकें। खीरी पोखर का जायजा लेते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालु तालाब के अधिक गहरे पानी में न जाएं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए तथा विसर्जन के दौरान आवश्यक निगरानी रखी जाए। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने यातायात निरीक्षक को विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात का उचित प्रबंधन किया जाए, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विसर्जन स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
जिला प्रशासन की ओर से विसर्जन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के विसर्जन की प्रक्रिया पूरी कर सकें।