बारिश में सुशीला समेत कई ग्रामीणों के कच्चे मकान गिरे, रहने का संकट
हरदोई/बेनीगंज। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम कल्याणमल में बीती रात बारिश के कारण सुशीला पत्नी रामेंद्र, रामेश्वर पाल पुत्र भगवानदीन, हरिपाल पुत्र मताई और पप्पू पुत्र अहमद समेत कई ग्रामीणों के कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार दूसरे ग्रामीणों के घरों अथवा पशुओं के लिए बनाए गए वैकल्पिक मकानों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। मामले की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है।
इधर, कोथावां संघ के खंड कार्यवाह महेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। उन्होंने तहसील स्तर से मिलने वाली सहायता के संबंध में राजस्व कर्मियों से फोन पर वार्ता की और पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
Bilgram, Hardoi | Sep 27, 2026