खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2 क्विंटल 22 किलो 650 ग्राम मिठाई जब्त
मेघनगर एवं थांदला में मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच, विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के पश्चात आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश द्वारा संपूर्ण प्रदेश में दूध एवं मावा से मिलते-जुलते उत्पादों अथवा मावा एवं दूध के नाम से बेचे जा रहे या भ्रामक रूप से विक्रय किए जाने वाले खाद्य पदार्थों के विरुद्ध प्रतिषेध आदेश जारी कर सघन जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के पालन में जिले में 20 जुलाई 2026 से लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इस अवधि में अब तक कुल 94 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए जा चुके हैं, जिनमें से 17 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार 6 नमूने अमानक एवं मिथ्याछाप पाए गए हैं। इन नमूनों के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार, 26 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मेघनगर एवं थांदला में मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। मेघनगर में नवदुर्गा बीकानेर मिष्ठान, नवकार स्वीट्स एवं जैन स्वीट्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर बूंदी लड्डू, सोनपपड़ी, बेसन लड्डू एवं गुलाब जामुन सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच हेतु लिए गए।
कार्रवाई के दौरान मेघनगर बस स्टैंड पर विक्रय के लिए लाए गए मिठाइयों के बॉक्स पाए गए। टीम द्वारा पड़ताल करने पर जानकारी मिली कि उक्त मिठाइयां थांदला स्थित श्री कृष्णा नमकीन एवं मिष्ठान से विक्रय हेतु भेजी गई थीं। इस पर संयुक्त टीम ने थांदला पहुंचकर संबंधित प्रतिष्ठान की जांच की। मेघनगर में उपलब्ध मिठाइयों की कुल मात्रा 2 क्विंटल 22 किलो 650 ग्राम पाई गई, जिसे नियमानुसार जब्त किया गया। जब्त मिठाइयों का अनुमानित बाजार मूल्य 53 हजार 436 रुपये बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेलसिंह मोरी ने बताया कि उक्त मिठाइयों को तैयार करने में प्रयुक्त मावा गुजरात से मंगाया गया था, जो प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन के अंतर्गत होना पाया गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान नापतौल विभाग द्वारा विधिक मापविज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों के प्रावधानों के तहत तौल उपकरणों की सत्यता एवं शुद्धता की जांच की गई। साथ ही विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में उपभोक्ताओं को दी जा रही सामग्री की मात्रा की भी जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी दिनों में भी लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
आज की संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेलसिंह मोरी एवं राहुल सिंह अलावा तथा नापतौल निरीक्षक सचिन चौहान एवं संजय पांचाल उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 26, 2026