बरबीघा में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डीएम शेखर आनंद ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ।
कृष्ण सिंह गौशाला परिसर में एक मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी महोदय का स्वागत पुष्पगुच्छ (बुके) और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात् जिलाधिकारी महोदय ने विधिवत फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया।
"निःशुल्क इलाज और मानवता की अनूठी मिसाल" — जिला पदाधिकारी महोदय ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह मेगा स्वास्थ्य शिविर सामाजिक सेवा और मानवता की एक बेहतरीन मिसाल है।
"स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इस शिविर में आम लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं दवा वितरण की उत्तम व्यवस्था की गई है। मेरी अपील है कि जिले के अधिक से अधिक लोग पहुँचकर इस शिविर का लाभ उठाएँ।"
गौशाला का निरीक्षण और गौ-सेवा
स्वास्थ्य शिविर का जायजा लेने के बाद जिला पदाधिकारी महोदय ने कृष्ण सिंह गौशाला परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। गौशाला की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक मरम्मत कराने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से गायों को गुड़ और चना खिलाकर गौ-सेवा की और जीव-दया का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सा विशेषज्ञों और समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही जिनमें अनुमंडल पदाधिकारी , रोटरी क्लब शेखपुरा के सचिव, अध्यक्ष एवं सभी सम्मानित सदस्यगण, विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मी और श्री बालाजी हॉस्पिटल के प्रिंसिपल, संस्था की छात्राएँ एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक आदि उपस्थित थें।