#बालाघाट
सांसद भारती पारधी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने का किया आग्रह
बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने बुधवार 6 अगस्त को संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के सड़क विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद श्रीमती पारधी ने केंद्रीय मंत्री से बालाघाट–सिवनी सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र गति से पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के पूर्ण होने से दोनों जिलों के बीच आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने लखनादौन–रायपुर एक्सप्रेसवे परियोजना के कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
बैठक के दौरान श्रीमती पारधी ने बालाघाट–गोंदिया मार्ग स्थित मर्री टोल प्लाजा पर स्थानीय नागरिकों को टोल शुल्क से राहत प्रदान करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का नियमित उपयोग करने वाले स्थानीय लोगों को टोल शुल्क में छूट अथवा पूर्ण राहत दिए जाने से उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर सड़क संपर्क और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए उनका सतत प्रयास जारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति मिलेगी और आमजन को उनका लाभ शीघ्र प्राप्त होगा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #nitin_gadkari
#bhartipardhimp