#बालाघाट
प्रतिबंधित अवधि में मछली विक्रय पर मत्स्य विभाग की कार्रवाई, 86 किलो मेजर कार्प मछली जब्त
बालाघाट जिले में मछलियों के प्रजनन काल के दौरान मत्स्याखेट पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मत्स्य विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 अगस्त को मत्स्य विभाग ने लालबर्रा, बकोड़ा एवं वारासिवनी के मत्स्य बाजारों में निरीक्षण कर प्रतिबंधित अवधि में मछली विक्रय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्रीमती पूजा रोडगे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 86 किलोग्राम मेजर कार्प मछली जब्त की गई। जब्त की गई मछलियों की नीलामी कर प्राप्त होने वाली 4 हजार 500 रुपये की राशि शासन कोष में जमा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मछलियों के प्रजनन काल को सुरक्षित रखने और मत्स्य संपदा के संरक्षण के उद्देश्य से 15 जून से 15 अगस्त तक मत्स्याखेट एवं प्रतिबंधित अवधि में मछली विक्रय पर रोक लगाई गई है। इस अवधि में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मत्स्य विभाग ने सभी मछुआरों, मत्स्य व्यापारियों एवं आमजन से अपील की है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान मत्स्याखेट एवं मछली विक्रय से संबंधित नियमों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मत्स्य संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
#fisheries_mp
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026