बरहटा मोड़ पर अवैध शराब का जखीरा जब्त, थाने के सामने कारोबार की चर्चा ने उठाए सवाल
मऊगंज। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मऊगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहटा मोड़ के सामने एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP 17 ZP 8170 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार वाहन से कथित तौर पर अवैध शराब की खेप बरामद हुई है। पुलिस ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया, जहां मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक उक्त वाहन कथित रूप से मऊगंज थाना के सामने संचालित मोहित श्रृंगार मंदिर के संचालक से जुड़ा बताया जा रहा है। संबंधित व्यक्ति के लंबे समय से कथित रूप से ब्रांडेड शराब के अवैध कारोबार में सक्रिय होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि पुलिस को वाहन से शराब परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरहटा मोड़ के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान शराब बरामद होने की बात सामने आई, जिसके बाद वाहन समेत शराब जब्त कर ली गई।
थाने के ठीक सामने कथित शराब कारोबार से जुड़े व्यक्ति के वाहन से शराब की खेप पकड़े जाने की चर्चा ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार की चर्चा थी, तो पुलिस की नजर इस गतिविधि पर पहले क्यों नहीं पड़ी? कार्रवाई के बाद पुलिस जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले में पुलिस की आधिकारिक जानकारी और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
Mauganj, Rewa | Aug 22, 2026